प्योंगयांग: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने देश की सैन्य परेड में अपनी महाविनाशक ताकत का प्रदर्शन करके दुनिया को दहशत में डालने की कोशिश की है। उत्तर कोरिया के विक्ट्री डे परेड में किम जोंग उन ने परमाणु क्षमता से लैस मिसाइल और नए हमलावर ड्रोन का राजधानी प्योंगयांग में आयोजित सैन्य परेड में प्रदर्शन किया। यह परेड साल 1950 से 1953 तक चले कोरियाई युद्ध के खत्म होने की याद में निकाली जाती है। इस परेड के दौरान किम जोंग उन के साथ रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू और चीन का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। इस परेड के दौरान उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमता से लैस अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल हवासोंग-17 और हवासोंग-18 का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा किम जोंग उन ने नया हमलावर और जासूसी ड्रोन का भी प्रदर्शन किया गया। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने इसकी जानकारी दी है। एजेंसी ने कहा कि रणनीतिक रूप से अहम मानवरहित निगरानी एयरक्राफ्ट और बहुउद्देश्यीय हमलावर ड्रोन ने किम जोंग उन के सामने उड़ान भरी जिससे वहां मौजूद लोगों की खुशी दोगुना हो गई। North Korea Drone: उत्तर कोरिया ने चुराई अमेरिकी ड्रोन तकनीक? पहली बार दिखाया प्रीडेटर और ग्लोबल हॉक की ओरिजिनल कॉपी
चीन की मंशा पर विशेषज्ञों ने उठाए सवाल
रूसी रक्षामंत्री के साथ चीन की सत्तारूढ़ पार्टी के अधिकारी ली होंगझोंग भी इस दौरान मौजूद थे और परेड के गवाह बने। कोरोना महामारी के बाद यह किसी विदेशी नेता की पहली उत्तर कोरिया यात्रा है। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने इससे पहले कहा था कि किम और रूसी रक्षामंत्री दोनों ने सैन्य प्रदर्शनी को साथ-साथ देखा और सैन्य मामलों पर बातचीत की। यह बातचीत क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा माहौल पर केंद्रीत थी।
दक्षिण कोरिया के उत्तर कोरियाई मामलों के विशेषज्ञ लेइफ इरिक इसले ने कहा, ‘चीन का परमाणु मिसाइलों से लैस उत्तर कोरियाई परेड में शामिल होना चीन की मंशा पर गंभीर सवाल उठाता है। वह भी तब जब उत्तर कोरिया दुनिया की सुरक्षा के लिए वैश्विक खतरा बन गया है। वहीं रूस को इस समय यूक्रेन युद्ध के लिए हथियारों की जरूरत है और किम जोंग उन ने खुद उसे अपने हथियारों का जखीरा दिखाया है। संयुक्त राष्ट्र को और ज्यादा सतर्क रहना चाहिए और प्रतिबंधों का उल्लंघन होने पर दंडित करना चाहिए।’
Image Source : SOCIAL MEDIA
यमन में अपहृत जहाज पर बन रहे टिकटॉक वीडियो
Yemen News: यमन के हूती विद्रोहियों ने जिस इजराइल से जुड़े एक कार्गो जहाज का अपहरण कर लिया था, उस जहाज का उपयोग अनोखे तरीके से हो रहा है। इस जहाज पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर टिकटॉक वीडियो बना रहे हैं।
पिछले 19 नवंबर को लाल सागर से हूती विद्रोहियों ने भारत की ओर जा रहे इजराइली बेस्ड इस कार्गो जहाज को अगवा कर लिया था। इसके तहत नकाब और हथियारपोश हमलवर जहाज पर चढ़ गए थे और बंदूक की नोंक पर फिल्मी स्टाइल में जहाज को कब्जे में ले लिया था। हालांकि अब कहानी बदल चुकी है। इस जहाज का यमन में अलग ही तरह से उपयोग हो रहा है।
यमन के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का टिकटॉक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा, जिसमें वे लोग कब्जे वाले गैलेक्सी मालवाहक जहाज पर नाच रहे हैं। हूती समूह की तरफ से जब्त किए गए मालवाहक जहाज पर वीडियो शूट किया गया। इसमें 10 लोगों को नाचते हुए दिखाया गया है। बता दें कि अब्दुल रहमान अल जौबी और मुस्तफा अल मुमारी यमन के कॉमेडियन स्टार है। उन्होंने डेक पर नाचने वाले क्लिप को यूट्यूब और टिकटॉक पर पोस्ट किया।
गैलेक्सी जहाज पर युवक थिरके
वीडियो के एक क्लिप में गैलेक्सी जहाज पर अल जौबी के साथ कुछ युवक भी थिरकते नजर आ रहे है। बता दें कि अल जौबी के यूट्यूब पर लगभग 42,000 सब्सक्राइबर हैं। वो मालवाहक जहाज पर कुछ लोगों के साथ एक लिफ्ट में दिखाई दे रहे हैं, जिसमें अल जौबी अपने कान पर एक सेल फोन रखते हुए कैमरे के सामने बोल रहे हैं। वायरल वीडियो में लोगों की एक कतार को जहाज के शीर्ष डेक पर नाचते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में तीन लोग यमन के झंडे लहरा रहे हैं, जबकि अन्य के हाथ में हथियार हैं।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने क्या दी चेतावनी?
एक अन्य यूट्यूब वीडियो में यमन के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अल मुमारी को जहाज के डेक पर देखे जाने से पहले छोटी सेलबोट में गैलेक्सी लीडर के पास जाता है। इस दौरान उन्होंने इजरायल से गाजा पर बमबारी बंद करने का भी आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर खून-खराबा जारी रहा, तो लोगों को अपने जहाजों के चोरी होने की उम्मीद करनी चाहिए।
Israel News: इजराइल में फिर गोलीबारी की खबर है। जानकारी के अनुसार येरुशलम के पास सड़क पर गुजर रहे लोगों पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। हालांकि पुलिस ने दोनों हमलावरों को ढेर कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार यरुशलम के प्रवेश स्थान पर मुख्य राजमार्ग के पास बस का इंतजार कर रहे और मार्ग से गुजर रहे लोगों पर गुरुवार को बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। इजराइल की पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना में 7 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 लोगों की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि घटना सुबह के बेहद व्यस्त समय में हुई। पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावरों को मार गिराया गया है।
संघर्ष विराम खत्म होने से महज 8 मिनट पहले फिर बढ़ा सीजफायर
इसी बीच बड़ी खबर यह है कि इजराइल-हमास के बीच सीजफायर खत्म होने से 8 मिनट पहले यानी भारतीय समयानुसार सुबह 10:22 बजे इसे 1 दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। इजराइल और कतर के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक हमास ने आज आजाद होने वाले 10 बंधकों की लिस्ट दी है, जिसे इजराइल ने पास कर दिया है। युद्ध विराम के तहत हमास हर दिन 10 बंधकों को छोड़ेगा। इसके बदले में इजराइल 30 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इजराइली सेना ने बताया कि सीजफायर की दूसरी शर्तों पर अब भी बातचीत जारी है।
गाजा पट्टी से 16 बंधक इजराइल को सौंपे
इससे पहले इजराइल और हमास में संघर्ष विराम के बीच हमास ने गाजा पट्टी से 16 बंधकों को इजराइल को सौंप दिया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, नागरिकों के इस समूह में इजरायली और थाई नागरिक शामिल थे। इन बंधकों को छोड़ने के बदले इस्राइल 30 फलस्तीनी महिलाओं और बच्चों को जेलों से रिहा करेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल सुरक्षा बल (आईडीएफ) ने हमास की कैद से 16 बंधकों की रिहाई की पुष्टि की है। आईडीएफ ने कहा कि बंधकों के परिवारों को ताजा जानकारी से अपडेट किया जा रहा है।
Image Source : FILE
अमेरिकी एयरफोर्स विमान हादसे से घबराया जापान
America Japan: अमेरिकी सैन्य विमान के जापान के तट के निकट दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जापान घबरा गया है। जापान अपनी ‘ऑस्प्रे’ उड़ान निलंबित कर सकता है। जानकारी के अनुसार जापान में अमेरिकी वायु सेना के ‘ऑस्प्रे’ विमान के एक प्रशिक्षण अभियान के दौरान दक्षिणी तट के पास समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जापान अपनी ‘ऑस्प्रे’ उड़ानों को निलंबित करने पर विचार कर रहा है।
टोक्यो ने अमेरिकी सेना से दुर्घटना के पीड़ितों की तलाश करने वाल विमानों को छोड़कर जापान में संचालित होने वाली सभी ‘ऑस्प्रे’ विमानों के परिचालन को रोकने के लिए भी कहा है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। जापान के रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तारो यामातो ने संसद में सुनवाई के दौरान कहा कि जापान कुछ समय के लिए ‘ऑस्प्रे’ उड़ानें निलंबित करने की योजना बना रहा है।
ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था विमान
जापान में संचालित अमेरिकी वायु सेना का एक ‘ऑस्प्रे’ विमान बुधवार को देश के दक्षिणी तट के पास एक प्रशिक्षण अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक दल के आठ सदस्यों में से कम से कम एक की मौत हो गई। जापानी तटरक्षक प्रवक्ता काजुओ ओगावा ने कहा कि दुर्घटना का कारण और उसमें सवार सात अन्य लोगों की स्थिति का तुरंत पता नहीं चल पाया है। तटरक्षक ने रातभर खोज जारी रखने की योजना बनाई।
‘हाइब्रिड’ विमान है ‘ऑस्प्रे’, हेलिकॉप्टर की तरह भरता है उड़ान
‘ऑस्प्रे’ एक ‘हाइब्रिड’ विमान है जो हेलीकॉप्टर की तरह उड़ान भरता और उतरता है, लेकिन उड़ान के दौरान यह अपने प्रणोदक को आगे की ओर घुमा सकता है और हवाई जहाज की तरह बहुत तेजी से उड़ान भर सकता है। ‘ऑस्प्रे’ से संबंधित कई दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें जापान में होने वाले हादसे भी शामिल हैं जहां उनका उपयोग अमेरिकी और जापानी सैन्य अड्डों पर किया जाता है। ओकिनावा के गवर्नर डेनी तमाकी ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि वह अमेरिकी सेना से जापान में सभी ‘ऑस्प्रे’ उड़ानों को निलंबित करने के लिए कहेंगे।